मुज़फ्फरनगर। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मुज़फ्फरनगर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 8 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक प्रदेश भर में सामूहिक गायन, चर्चा सत्र, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ, और प्रभात फेरी जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसी कड़ी मुजफ्फरनगर में 10 नवंबर को ये आयोजन होंगे।
मुज़फ्फरनगर के आयोजनों में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भाग लेंगे।अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन संजय कुमार सिंह द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यक्रमों में उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालयों सरकारी एवं गैर-सरकारी में विद्यार्थियों से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा।छात्रों को वंदे मातरम् के इतिहास, अर्थ और संदेश के बारे में बताया जाएगा। स्कूलों और सांस्कृतिक संस्थानों में निबंध, भाषण, नृत्य-नाटक और कव्यपाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।पुलिस बैंड द्वारा वंदे मातरम् की धुन प्रस्तुत की जाएगी। युवाओं और बच्चों के लिए देश भक्ति फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल और खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी जिला स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों का आयोजन एकरूपता और जनभागीदारी के साथ किया जाए, ताकि “वंदे मातरम्” के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।






