डीएम ने एक-एक पीड़ित के पास पहुंचकर सुनी व्यथा
मुजफ्फरनगर।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बुधवार को अपने कार्यालय में प्रतिदिन की भांति जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जनसुनवाई में फरियादियों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई। भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी स्वयं खड़े होकर एक-एक आगंतुक के पास पहुंचे और तसल्लीपूर्वक उनकी बात सुनी।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान कराने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित इस जनसुनवाई में लगभग 100 से अधिक लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। अधिकांश मामलों में जिलाधिकारी ने तत्काल कार्यवाही कर राहत दिलाने की पहल की। जन सुनवाई के दौरान नवागंतुक सहायक मजिस्ट्रेट अपराजिता आर्यन भी मौजूद रहीं, जिन्होंने जिलाधिकारी के साथ मिलकर शिकायतों के बिंदुवार संज्ञान लिया। उपस्थित लोगों ने जिलाधिकारी के इस संवेदनशील और सक्रिय रवैये की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है और प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना प्रशासन का कर्तव्य है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान के लिए निःसंकोच जन सुनवाई में आ सकता है, जहां उसकी बात सुनी जाएगी और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।






