मुजफ्फरनगर। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर संकल्प समाज उत्थान समिति की ओर से जिला रेड क्रॉस सोसायटी भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वृद्धों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, स्वास्थ्य में गिरावट और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और विशिष्ट अतिथि भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. अशोक अरोरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूतपूर्व सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह ने की। मुख्य अतिथि डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस हर वर्ष 21 अगस्त को मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1991 से हुई थी। इस दिन का उद्देश्य बुजुर्गों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने समिति के सचिव एम. नफीस की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद उनका समाजसेवा का जज़्बा काबिले-तारीफ़ है।कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष डॉ. आर. आर. मुराल और सचिव एम. नफीस ने जिला चिकित्सालय व सीएमओ कार्यालय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सोसाइटी के कोषाध्यक्ष रतन सिंह, शिव सिंह, हाजी सलीम, हाजी मोहम्मद रईस, अजय सक्सेना, दीन बहादुर, शिवराज सिंह और विजय गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।






