मुजफ्फरनगर। शहर में सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों को बचाने की मांग को लेकर नागरिकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शहर और मुख्य मार्गों पर लगे होर्डिंग मालिक अपने व्यावसायिक हितों के चलते पेड़ों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि होर्डिंग कंपनियां पेड़ों को सुखाने के लिए केमिकल डालना, आग लगाना, हाथ से डालियाँ तोड़ना या कटर से काटना जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं। इससे न केवल सरकार के वृक्षारोपण अभियान को नुकसान पहुँच रहा है, बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ रहा है। ज्ञापन में इसे एक कानूनी और सामाजिक अपराध करार दिया गया है। जिलाधिकारी से उन्होंने मांग की है कि सर्रकुलर रोड समेत पूरे शहर में लगे अवैध होर्डिंग तुरंत हटाए जाएं। पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वाली कंपनियों के मालिकों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।पेड़ों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले वन विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों पर भी कार्यवाही की जाए।ज्ञापन सौंपने वालों में संजीव बालियान, सुदेश कुमार, विकास बालियान, महेश कुमार, श्याम विहार कुमार सहित अन्य नागरिक शामिल रहे। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो बड़े पैमाने पर विरोध आंदोलन किया जाएगा।






