
बुढाना। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत सट्टा किंग प्रदीप की संपत्तियों की पहचान कर ली है। आशंका यह है कि यह तमाम संपत्तियां सट्टे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई है। संपत्तियों से जुड़ी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस ने अब उसे जब्त कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। उधर खाईबाड़ी होने की शिकायत पर पुलिस ने रात में की गई छापेमारी में तीन संदिग्धों को पकड़ा है। इनके तार कस्बे के दो बड़े सट्टा किंग से जुडे़ बताए गए है।
वैसे तो पूरे जिले भर में सट्टे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन बुढ़ाना कस्बा सट्टे के कारोबार पर बड़ा अड्डा बना है। इस अवैध कारोबार से जुड़े कई लोग रातों-रात धन्ना सेठ बन गए है और उनके चेहतों की भी माली हालत सुधर गई है। इनमें सबसे बड़ा नाम सट्टा किंग प्रदीप का रहा है। थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रदीप आदि के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। हालांकि प्रदीप इस मामले में हाईकोर्ट से जमानत ले चुका है। पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रदीप की संपत्तियों की जांच के लिए लंबी कवायद करनी पड़ी। सूत्रों की माने तो पुलिस ने अर्जित संपत्तियों को चिहिंत कर पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। सट्टा किंग ने संपत्तियों के छिपाने के लिए पूरा दिमाग चलाया है, लेकिन पुलिस संपत्तियों को चिन्हित करने में कामयाब रही है। सूत्रों के अनुसार संपत्ति चिन्हित होने के बाद पुलिस ने जब्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में यह साफ हो पाएगा कि पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रदीप द्वारा अवैध कारोबार से कितनी संपत्तियों को अर्जित किया गया है। इस मामले में एसपी देहात आदित्य बंसल का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत यह सतत प्रक्रिया है।
उधर पुलिस की व्यापक कार्रवाई के बाद भी सट्टे का अवैध कारोबार थम नहीं पा रहा है। पर्ची के बजाए अब मोबाइल पर सट्टे का नंबर लिखने का ट्रेंड शुरू हुआ है। रात में पुलिस ने सूचना के आधार पर सट्टे के कारोबार से जुडे़ लोगों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की है। इन तीनों के तार दो सट्टा किंग से जुड़े है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों सट्टा किंग कार्रवाई के डर से भूमिगत हो गए है, क्योंकि उन्हें भी डर है कि वो कार्रवाई के चपेट में आ सकते है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।






