मुजफ्फरनगर। शहर के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज के सामने वाली सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे जलभराव को लेकर छात्रों व स्थानीय निवासियों ने गहरी नाराज़गी जताई है। इस संबंध में मंगलवार को छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिक्रमा मार्ग की सड़क पूरी तरह टूटी हुई है, जिससे वर्षा का पानी जमा होकर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। इससे न केवल छात्रों को कॉलेज आने-जाने में कठिनाई हो रही है, बल्कि आसपास के निवासियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या का निस्तारण नहीं किया, तो वे आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।ज्ञापन देने के दौरान प्रमुख रूप से हेमंत राणा, बादल राणा, किश राणा, अमन, राजा शर्मा, रंगराजा, देव शर्मा, कार्तिक, आयुष राणा, प्रशांत राणा, रजत, अश्वनी, विशाल सिंग, वासु शुक्ला और आकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।






