मुजफ्फरनगर। बढ़ती शीत लहर को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार देर रात रेलवे स्टेशन रोड स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों व राहगीरों से बातचीत कर रैन बसेरे, अलाव और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन मास्टर, आरपीएफ एवं जीआरपी के प्रभारी निरीक्षकों से वार्ता करते हुए निर्देश दिए कि रैन बसेरे की जानकारी रेलवे के अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से नियमित रूप से प्रसारित की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे न सोए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति खुले में सोता हुआ पाया जाए, तो उसे नजदीकी रैन बसेरे में पहुंचाया जाए। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में बिजली आपूर्ति, पेयजल, बैडशीट, कंबल तथा शौचालयों की साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी सुविधाओं को निरंतर सुचारू और सुदृढ़ रखा जाए। रेलवे स्थित रैन बसेरे के पास अलाव जलता पाया गया। जिलाधिकारी ने वहां मौजूद लोगों से अलाव जलने की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आगे भी इसी प्रकार नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों पर अलाव अनिवार्य रूप से जलाए जाएं और इसकी प्रतिदिन निगरानी की जाए। संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करते रहने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक बुढ़ाना कृष्णकांत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






