मुजफ्फरनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में भारत विकास परिषद ‘संकल्प’ की ओर से गुरु-वंदन, छात्र-अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति अध्यक्ष ललित महेश्वरी, प्रबंधक देवेंद्र कुमार गर्ग, विहिप के जिला समरसता प्रमुख नितिन तायल, परिषद ‘संकल्प’ के अतिथि पदाधिकारी तथा विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश कुमार शर्मा द्वारा मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि परिषद पदाधिकारी कुलदीप गुप्ता और एडवोकेट शिशुकांत गर्ग ने समाज में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत विकास परिषद पाँच सूत्रों संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण पर कार्य करती है। गुरु समाज का आधार स्तंभ होते हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अनुपम है। प्रबंध समिति अध्यक्ष ललित महेश्वरी ने कहा कि शिक्षक छात्रों के मार्गदर्शक होते हैं और उन्हें कर्तव्य का बोध कराते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और सम्मानित किया। इस अवसर पर परिषद पदाधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा, कंप्यूटर शिक्षक अमित पंवार, शुभम जैन, गणित प्रवक्ता प्रमोद शर्मा सहित मेधावी छात्र कुलदीप कुमार, हर्षित जैन, वंश कुमार और ओम आश्रावाल को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में विद्यालय के अंडर-17 वर्ग के चार खिलाड़ियों अभिनव सैनी, अक्षित पाल, शौर्य चौधरी और सिद्धार्थ को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने रुड़की (उत्तराखंड) में आयोजित 37वीं क्षेत्रीय टेबल-टेनिस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। खेल प्रशिक्षक रवि प्रकाश ने बताया कि यह खिलाड़ी अब आगामी 25 से 27 सितंबर को भागलपुर (बिहार) में होने वाली अखिल भारतीय टेबल-टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। शिक्षक दिवस पर शिक्षकों एकांश मित्तल, अर्जुन सिंह, श्वेता सारस्वत, रीता मावी, महेश कुमार, विवेक शर्मा, विक्रांत सैनी, नवनीत रघुवंशी, मुस्कान आहूजा और शोभना कौशिक ने हास्य प्रस्तुतियों के जरिए छात्रों को खूब गुदगुदाया। वहीं संगीत शिक्षिका अनन्या त्रिपाठी ने गुरु की महत्ता पर आधारित गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन महेश कुमार ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर परिषद के सचिव अवनीश गोयल, संयोजक विष्णु स्वरूप अग्रवाल, मनोज माहेश्वरी, सभी शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







