पुरकाजी। नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारुकी ने साफ चेतावनी दी है कि कस्बे के व्यापारियों से अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी संजय सिंह और अनिल कुमार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कस्बे के व्यापारी भी चेयरमैन से मिलने पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नाप-तौल के लाइसेंसधारी बाट और मीटर की जांच के नाम पर सरकारी रेट से अधिक राशि वसूल रहे हैं, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है।चेयरमैन जहीर फारुकी ने कहा कि अगर निर्धारित रेट से अधिक वसूली की गई तो व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे और आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा और भविष्य में किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष निर्दोष जैन, संदीप गोयल, कपिल मित्तल, हाफिज मोहसिन, लवी, आदिल, सुशील वर्मा, तनवीर आलम सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।






