मुजफ्फरनगर। वैश्य शिरोमणि महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह-2025 को लेकर वैश्य अग्रवाल महासभा की आवश्यक बैठक पतंजलि चिकित्सालय, भगत सिंह रोड पर सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष सुनील सिंघल ने की, जबकि संचालन महामंत्री नवनीत कुच्छल ने किया।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक राजीव बंसल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तायल एडवोकेट, कोषाध्यक्ष गोपाल मित्तल, वरिष्ठ मंत्री समीर मित्तल, मंत्री राकेश तायल, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सिंघल सहित अन्य पदाधिकारियों ने समारोह को भव्य बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राजीव बंसल ने बताया कि 21 सितंबर 2025 को स्थानीय आशीर्वाद बैंक्विट हाॅल में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर वैश्य समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी लगभग 500 बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समाज के सैकड़ों परिवार समारोह में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका परिषद् मुजफ्फरनगर की अध्यक्षा मिनाक्षी स्वरूप तथा न्यू मैक्स सिटी मुजफ्फरनगर के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील गोयल होंगे। इसके अलावा अनेक उद्योगपति व सामाजिक बंधु भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रमों की श्रृंखला में दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता, 3 से 4 बजे तक मेहंदी प्रतियोगिता, शाम 5 बजे से बूगी-वूगी डांस प्रतियोगिता तथा मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित होगा। हाई स्कूल में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले यूपी बोर्ड के छात्र व 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सीबीएसई एवं अन्य बोर्ड के छात्र सम्मानित किए जाएंगे।






