मुजफ्फरनगर। मोबाइल पर आए लिंक को खोलना एक ग्रामीण को भारी पड गया। लिंक खुलते ही बैंक खाते से 3 लाख 78 हजार की रकम उड़ी तो पैरों तले की जमीन खिसक गई। पीड़ित ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।
ककरौली थाना क्षेत्र के ढांसरी गांव निवासी नवाब अली ने साइबर थाने पर दर्ज मुकदमे में बताया कि उसके मोबाइल के व्हाटसएप पर एक लिंक आया था। नासमझी में लिंक खोल लिया, जिसके बाद खाते से रकम उड़नी शुरू हो गई। साइबर ठग ने एक खाते से 3 लाख 60 हजार रूपये और दूसरे खाते से 18 हजार 500 रूपये निकाल लिए। मोबाइल पर रकम निकलने के मैसेज आने शुरू हुए तो अपनी गलती का अहसास हुआ। पुलिस के साथ बैंक को भी इस मामले में शिकायत की गई है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बता दे कि तमाम जागरूकता के बावजूद साइबर ठगी की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।






