खतौली। शिवलोक मार्किट स्थित रोटरी भवन में शुक्रवार को रोटरी क्लब खतौली द्वारा अधिवक्ता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यह दिवस भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर देश भर में हर साल हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। समारोह में रोटरी क्लब खतौली के अध्यक्ष पीयूष जैन, सचिव अतुल जैन, कोषाध्यक्ष गौरव जैन, ध्रुव जैन सीए और कार्यक्रम संयोजक रो0 विभू शर्मा ने टैक्स, सिविल और क्रिमिनल बार के सभी अधिवक्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने भारत की स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान भारत के निर्माण तक अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश आर्य और पूर्व अध्यक्ष सरदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह दिन न्याय और कानून के शासन में कानूनी पेशेवरों के योगदान को उजागर करता है। कार्यक्रम संचालक रो0 अलित जैन ने बताया कि रोटरी क्लब एक अंतरराष्ट्रीय सेवा संगठन है, जिसका उद्देश्य मानवीय सेवा प्रदान करना और सद्भावना व शांति को बढ़ावा देना है। यह संगठन गैर-राजनीतिक एवं गैर-धार्मिक है और सभी के लिए खुला है।बार संघ खतौली के वर्तमान अध्यक्ष नवीन उपाध्याय और वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण सोम ने रोटरी क्लब खतौली द्वारा दिए गए सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिवक्तागण हमेशा क्लब के सहयोग के लिए तैयार हैं, विशेषकर कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने में। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी, प्रमोद शर्मा, पूर्व महासचिव सचिन आर्य, सह सचिव रोशनी सैनी, सन्नी काज़ी, शाज़ेब इकबाल, अभिषेक गोयल, दानिश काज़ी, अनुज जैन, अब्दुल समद सहित अनेक अधिवक्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे। इसके साथ ही सतीश चंद्र गुप्ता, नीरज अग्रवाल, मनोज जैन, सीए रेमन गुलाटी भी समारोह में शामिल हुए।






