मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान शहीद हुए वीरों को नमन करने के लिए 6 नवंबर को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तराखंड से आए कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 नवंबर को उत्तराखंड राज्य निर्माण दिवस की 25वीं वर्षगांठ मनाई गई थी। इसी कड़ी में 6 नवंबर को शहीदों को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया जाएगा।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की नींव शहीदों के त्याग और बलिदान पर टिकी है। उन्होंने रामपुर तिराहा शहीद स्मारक के आसपास के गांवों के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रद्धांजलि सभा में शामिल हों और शहीदों की आत्मा की शांति के लिए दीप प्रज्वलित करें। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं बल्कि उत्तराखंड के गौरव, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाने वाला दिन है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और आमजन मिलकर इस अवसर को शहीदों के सम्मान में समर्पित करेंगे।






