मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में पांच हजार के ईनामी चोर को घायल कर गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी मई माह में चुराए गए समरसेबिल की पंप को रात के अंधेरे में बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का पंप और अवैध हथियार बरामद किया।
नई मंडी पुलिस मुठभेड़ की बताई गई कहानी के मुताबिक देर रात पुलिस रथेडी कट पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान नसीरपुर के जंगल की तरफ से एक व्यक्ति बोरे में कुछ सामान लेकर आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को रूकने के लिए कहा। आरोपी ने हिमाकत दिखाते हुए पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान हुई आमने- सामने की फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का नाम अक्षय निवासी मेघाखेड़ी है, जो शातिर चोर है। आरोपी के पास से तमंचे के अलावा बोरे में छिपाया गया समरसेबिल की पंप बरामद हुई। बरामद पंप को अक्षय ने अपने साथी मुकुल के साथ मई में दतियाना से चोरी किया था। मुकुल पहले पकड़ा गया था, लेकिन वो फरार था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद पंप को रात के अंधेरे मंे बेचने के लिए ले जा रहा था। सीओ नई मंडी राजू साव ने बताया कि आरोपी अक्षय पर पांच हजार रूपये का ईनाम घोषित था।






