मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक संस्थान के सभागार में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को 10वां आयुर्वेद दिवस धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद विशेषज्ञों एवं चिकित्सकों ने प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल रोग निवारण की पद्धति नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का मार्गदर्शन भी करता है। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने जड़ी-बूटियों, घरेलू नुस्खों तथा प्राकृतिक उपायों के माध्यम से रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।आयुर्वेद दिवस पर आमजन को प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने और आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयुष चिकित्सा प्रणाली को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।






