सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सतर्क, महिलाएं दिन भर करती रहीं राखियों की खरीदारी
पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ चलाया सघन चेकिंग अभियान
मुज़फ्फरनगर। रक्षाबंधन के पर्व को लेकर शहर भर में उल्लास का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी, खासकर महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ राखियों की खरीदारी की। जगह-जगह सजी राखी की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही। बच्चों से लेकर युवतियों और बुज़ुर्ग महिलाओं तक, सभी ने अपने भाइयों के लिए सुंदर-सुंदर राखियाँ खरीदीं और पूजा थाल की सामग्री जुटाई।
त्योहार को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। स्वयं एसएसपी की अगुवाई में डॉग स्क्वॉड टीम भी सड़कों पर सक्रिय रही। सघन तलाशी अभियान के तहत बाजारों में सजी दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह चेकिंग जरूरी है। पुलिसकर्मियों की टीमों ने मुख्य बाजार, भगत सिंह रोड, झांसी की रानी, शिव चौक, प्रकाश चौक, गांधी कॉलोनी, मदीना चौक, गोल मार्केट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च भी किया, जिससे जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।वहीं व्यापारियों ने पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहने से आमजन निश्चिंत होकर खरीदारी कर सकते हैं। महिलाओं ने भी बेझिझक बाजारों में घूमकर राखी, मिठाइयाँ व सजावटी सामग्री खरीदी। शहरवासियों की मानें तो इस बार रक्षाबंधन की खरीदारी में खास उत्साह देखा गया है। एक ओर जहां बाजारों की रौनक बढ़ी, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की सतर्कता ने त्योहार की खुशियों में सुरक्षा की भावना भी जोड़ दी।पुलिस प्रशासन ने भी दिशा-निर्देश दिए कि संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना पुलिस को दी जाए। पार्किंग स्थलों व बाजारों में विशेष निगरानी की जाए। सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है।







