मुजफ्फरनगर। फुगाना क्षेत्र में नींद की झपकी आने के कारण आगे जा रहे डंपर से कार टकरा गई है, जिसमें बालक समेत दो की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। मृतक और घायल नेपाली है, जो कार में सवार होकर हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर डंपर को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस उपाधीक्षक फुगाना रूपाली राव के मुताबिक नेपाल के 11 लोग कार में सवार होकर हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। फुगाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल मार्ग पर अचानक कार चालक गोपाल निवासी शिमला हिमाचल प्रदेश को नींद की झपकी आ गई। नतीजा यह हुआ कि कार आगे जा रहे डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तमाम लोग गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चालक गोपाल और बालक अनमोल पुत्र विनोद की मौत हो गई, जबकि पुष्पा पुत्री गोपाल, विजय पुत्र वेज बहादुर, चन्दना पत्नी विनोद, नेत्रा पुत्र नीलाघर, सन्तराम पुत्र श्री कृष्ण, प्रवीन पुत्र प्रभु नारायण, प्रवेश पुत्र तेगबहादुर और दो अन्य अज्ञात का उपचार चल रहा है।









