मंसूरपुर। मंसूरपुर शुगर मिल में मुहूर्त के अगले दिन बुधवार सुबह इनकम टैक्स की टीम ने छापा मारकर घंटों जांच पड़ताल की। धामपुर बायो ऑर्गेनिक लिमिटेड से जुड़ी मंसूरपुर समेत पांच मिलों में छापेमारी से दिन भर हड़कंप मचा रहा। हालांकि छापेमारी के दौरान टीम को क्या मिला, अभी यह साफ नहीं हो पाया है।
धामपुर बायो ऑर्गेनिक लिमिटेड से जुड़ी मंसूरपुर चीनी मिल में मंगलवार को ही मुहूर्त हुआ था। बुधवार दिन निकलते ही इनकम टैक्स की भारी भरकम टीम आ धमकी। सुरक्षा कर्मियों ने मिल परिसर की घेराबंदी करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद करा दिए। मिल परिसर को सील कर वित्तीय लेन-देन से जुडे़ दस्तावेजों की गहनता से जांच पड़ताल की। हालांकि पहले खबर यह आई थी कि ईडी की टीम ने छापेमारी की, लेकिन बाद में साफ हुआ कि जांच पड़ताल करने वाली टीम इनकम टैक्स की है। छापेमारी की खबर फैलते ही मिल गेट के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए। पता चला है कि यह कार्रवाई धामपुर बायो आॅर्गेनिक लिमिटेड से जुड़ी पांच शुगर मिलों में हुई है।






