खतौली। तहसील क्षेत्र के मीरापुर रोड पर भारी बारिश के बाद खेतों में जलभराव से फसलें नष्ट होने की आशंका जताई है। किसानों ने उप जिलाधिकारी राजकुमार भारती को प्रार्थना पत्र देकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण उनके खेतों में लगभग दो फीट तक पानी भर गया है। इससे धान सहित अन्य खड़ी फसलें बर्बादी की कगार पर पहुँच गई हैं। किसानों का कहना है कि समय रहते पानी की निकासी न हुई तो फसलें पूरी तरह से नष्ट हो जाएँगी। ग्रामीणों ने बताया कि मीरापुर रोड के नीचे बनी पुलिया से बरसाती पानी की निकासी पूर्व से होती आई है, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिया को मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। जब ग्रामीणों ने इसे खोलने का प्रयास किया तो स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। इस कारण खेतों का पानी निकलने की बजाय और अधिक जमा हो गया।किसानों ने बताया कि मीरापुर रोड पर भी 200 मीटर तक पानी भर गया है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।किसानों पवन कुमार, मनोज, नरेश, रामपाल, सज्जन कुमार, सतवीर सिंह, अनिल चौहान व अन्य ने उप जिलाधिकारी खतौली से मौके पर पहुँचकर जांच कराने व पुलिया को खुलवाने की मांग की है। किसानों ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा






