मुज़फ्फरनगर। शहर के व्यस्ततम चौराहों में से एक मीनाक्षी चौक पर शुक्रवार को एक बार फिर सड़क धंसने की घटना सामने आई। कुछ माह पूर्व इसी चौराहे से लगभग 20 मीटर की दूरी पर सड़क अचानक बैठ गई थी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ था। अब दोबारा सड़क धंसने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
शुक्रवार सुबह चौराहे पर सामान्य यातायात के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर सड़क के बीच अचानक उभरती धंसान पर पड़ी।
स्थिति को गंभीर समझते हुए ट्रैफिक कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धंसे हुए स्थान के चारों ओर बैरियर लगवा दिए।
इस सक्रियता के कारण किसी बड़े हादसे से स्थिति को बचाया जा सका और वाहनों को सुरक्षित मार्ग से निकालना शुरू कर दिया गया। चौराहे पर कुछ ही महीनों में दूसरी बार सड़क धंसने से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि सड़क पर बार-बार धंसान आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। यह स्थान बेहद व्यस्त होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। जिम्मेदार विभागों को स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की जा रही है कि सड़क धंसने के मूल कारणों की तकनीकी जांच की जाए। आस-पास मौजूद भूमिगत पाइप लाइन या सीवर लाइन की स्थिति की विस्तृत पड़ताल हो।भविष्य में दुर्घटना रोकने हेतु स्थायी मरम्मत कार्य कराया जाए।






