मुजफ्फरनगर। दीपावली की रात हुए मिंटू हत्याकांड में सोमवार को रामलीला टिल्ला के लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसएसपी संजय वर्मा से मिलकर पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हीला-हवाली करने का आरोप लगाया। वर्मा ने पुलिस को एक सप्ताह में आरोपियों की गिरफ्तारी करने को कहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला में दीपावली के रात हुए झगड़े में मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया था। झगडे़ को लेकर दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी। बाद में उपचार के दौरान मिंटू की मौत हो गई थी। मिंटू के भाई राजू ने इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार है। सोमवार को काफी संख्या में लोगों ने एसएसपी आफिस पहुंचकर नामजद लोगों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई।पीड़ित पक्ष ने एसएसपी संजय वर्मा से मिलकर अपना पक्ष रखा। उनका कहना था कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हीलाहवाली कर रही है। एसएसपी ने शहर कोतवाल से बात कर साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कप्तान के आश्वासन पर पीड़ित पक्ष वापस लौट गया।






