मुजफ्फरनगर। भोपा पुलिस ने बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में बिजली मोटर गैंग से जुडे़ पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने चोरी की दस घटनाओं का अनावरण करते हुए उनके पास से चोरी के आठ बिजली मोटर बरामद किए है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भोपा क्षेत्र में किसानों के टयूबवैलों से बिजली मोटर चोरी करने की घटनाओं के मददेनजर सीओ भोपा देवव्रत वाजपेयी के निर्देशन में टीम गठित की गई थी। भोपा पुलिस को बुधवार देर रात सूचना मिली कि निरगाजनी झाल से बसेड़ा से जाने वाले रास्ते पर बिजली मोटर चोरी करने वाला गैंग मौजूद है। इस सूचना के आधार पर इलाके को घेर कर बदमाशों को ललकारा गया। बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो महताब निवासी नंगला बुजुर्ग और सुशील निवासी खेडी फिरोजाबाद घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य ठिकानें पर छापा मारकर तीन साथियों शमशाद, नौशाद निवासी नन्हेडी और नौमान निवासी पुरकाजी को दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में भोपा के नया गांव, ककरौली, फुगाना और भौराकलां में चोरी की घटनाएं स्वीकार की। इनके पास से चोरी के 8 बिजली मोटर, तांबा, एल्यूमीनियम का तार और केबल के टुकडे बरामद किए है।






