खतौली। नगर में लंबे समय से सक्रिय कुख्यात ब्लैकमेलर विनय उर्फ किक्की जैन की गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है। शुक्रवार को पीड़ितजन स्वयं कोतवाली पहुंचे और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम का सम्मान कर आभार प्रकट किया।
पीड़ितों ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल, निरीक्षक कमल किशोर सहित अन्य पुलिस कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर व पुष्प मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पीड़ितों ने कहा कि कई वर्षों से किक्की द्वारा किए जा रहे ब्लैकमेल और अवैध वसूली से नगर का आमजन त्रस्त था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद लोगों में सुरक्षा और संतोष की भावना उत्पन्न हुई है। सम्मान समारोह के दौरान भाजपा नेता उमेश कुमार, नीरज अग्रवाल, कांता स्वरूप, अशोक जैन, राजीव जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। किक्की की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए सभी ने कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने की उम्मीद जताई।






