मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा प्रदेश में हो रही लगातार बिजली कटौती और विद्युत दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया, जिसमें बिजली संकट, स्मार्ट मीटरों की अनियमितता, फिक्स चार्ज समाप्त करने और ऊर्जा मंत्री की विवादित टिप्पणी को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की गई। ज्ञापन में मंडल के जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक अशोक कंसल, जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी, नगर अध्यक्ष अजय सिंघल, नगर महामंत्री प्रवीण खेड़ा सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंडल ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल की जाए। उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा प्रस्तावित दरों में लगभग 45 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना का विरोध करते हुए मंडल ने कहा कि इससे मध्यम वर्गीय और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं की आर्थिक स्थिति और कमजोर होगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में फिक्स चार्ज में भी भारी वृ(ि प्रस्तावित है, जो पूरी तरह से अनुचित है। मंडल ने फिक्स चार्ज को समाप्त करने की भी मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर 4 से 5 गुना अधिक रीडिंग दे रहे हैं, जिसे विद्युत विभाग के कई अधिकारियों ने भी गलत ठहराया है। इन मीटरों को लगाने वाली कंपनियां पूर्व में गोवा में ब्लैकलिस्ट की जा चुकी हैं। मंडल ने इस अनुबंध की पुनः समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। ज्ञापन में हाल ही में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा द्वारा व्यापारियों ;बनियोंद्ध को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी तीखी आपत्ति जताई गई। मंडल ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज के सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने वाली है और व्यापारी वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है। मंडल ने इस पर मुख्यमंत्री से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान प्रमुख रूप से अशोक कंसल, श्याम सिंह सैनी, अजय सिंघल, प्रवीण खेड़ा, राकेश गर्ग, सरदार सुलखन सिंह, दिनेश बंसल, संजय मित्तल, हिमांशु कौशिक, अलका शर्मा, अंजू शर्मा, अन्नपूर्णा अग्रवाल, अनिशा भटनागर, धर्मपाल कपूर, अनिल तायल, अमित मित्तल, अभिजीत गंभीर, अमित गर्ग, अशोक छाबड़ा, पंकज शर्मा, पंकज अपवेजा, हरीश अरोड़ा, रामपाल सेन, शास्त्री गुप्ता, और सोमिया आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।






