मुजफ्फरनगर। शहर के न्याजूपुरा मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी बहन के गायब होने, जेवर व नकदी चोरी और पुलिस द्वारा सहयोग न करने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन हिना, जिसकी शादी करीब तीन माह पूर्व ग्राम निराना निवासी इकराम के साथ हुई थी, अपने मायके आई थी और 23-24 जुलाई की रात कोल्ड डिंªक में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सभी सदस्यों को बेहोश कर घर में रखे पांच तोले सोने के जेवर, 600 ग्राम चांदी और 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।
पीड़ित ने बताया कि उसकी बहन उक्त सामान लेकर मोहल्ले के ही प्रवेज पुत्र सुक्का के साथ चली गई, जो पहले से ही शादीशुदा है और जुआ-सट्टा खेलने वाला, शराबी किस्म का व्यक्ति है। इस संबंध में पीड़ित और उसके परिवार ने तत्काल रात 2 बजे रामलीला टिल्ला चैकी पर तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, 26 जुलाई को चैकी पुलिस ने बताया कि लड़की और प्रवेज की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस हुई है। पुलिस ने किराये की गाड़ी की व्यवस्था करने को कहा और दिल्ली जाकर दो संदिग्ध युवकों को भी पकड़कर लाया गया, लेकिन बाद में पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद न तो लड़की बरामद की गई, न ही पुलिस ने कोई सहयोग किया। पीड़ित का आरोप है कि रामलीला टिल्ला चैकी के पुलिसकर्मी उससे गाली-गलौज कर रहे हैं और उससे कई कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर भी करा लिए गए हैं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि प्रवेज और उसके परिवार के लोग उसकी बहन हिना के साथ कोई अनहोनी न कर दें, क्योंकि प्रवेज का आचरण संदेहास्पद और आपराधिक प्रवृत्ति का है। पीड़ित ने बताया कि 24 जुलाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को घटना की सूचना देने के बावजूद थाना कोतवाली नगर व चैकी पुलिस ने अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की है और न ही जांच में कोई गंभीरता दिखाई है, उल्टा पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि प्रवेज और उसके परिजनों सहित इस षड्यंत्र में शामिल सभी लोगों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसकी बहन हिना की सकुशल बरामदगी कराई जाए तथा चोरी हुए जेवरात और नकदी को वापस दिलवाया जाए।







