खतौली। नगर क्षेत्र में आगामी स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन एवं अन्य त्यौहारों के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को खतौली कोतवाली पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया। इस मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का अहसास दिलाते हुए पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने किया, जिसमें आरएएफ की कंपनी के 74 जवान एवं डीएसपी धनश्याम पाल जादोन भी शामिल रहे। मार्च का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में उपस्थिति दर्ज कराना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु पुलिस की तैयारियों को प्रदर्शित करना था। फ्लैग मार्च का मार्ग जानसठ तिराहा, बिद्दीबाड़ा, बड़ा बाजार, ढाकन चैक सहित अन्य भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने सतर्कता के साथ पैदल गश्त की और जनता को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी बृजेश शर्मा ने कहा कि नगर क्षेत्र पूरी तरह से सुरक्षा के घेरे में है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी नागरिकों को जागरूक रहकर पुलिस का सहयोग करना चाहिए।“ उन्होंने नागरिकों से सतर्कता और शांति बनाए रखने की अपील की। यह फ्लैग मार्च जनता में सुरक्षा का विश्वास जगाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।







