*जान लेवा हमले के आरोपी राजा और असजद को लगी गोली, तीसरा साथी कांबिग में दबोचा
*सलेमपुर में दनादन गोलियां बरसाकर पिंकू उर्फ दीपांशु को घायल करने का मामला
मुजफ्फरनगर। पीनना बाईपास पर रविवार को दिन में फिल्मी स्टाइल में हुई मुठभेड़ में सलेमपुर में जान लेवा हमला करने के मुख्य आरोपी राजा चैधरी और उसके साथ असजद पैर में सरकारी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे साथी विक्की को कांबिग में दबोच लिया गया। पुलिस का दावा है कि हमलावरों ने पुलिस से बचने को खूब दौड़ लगाई, जिसमें थार का टायर फटने के साथ रिम भी क्षतिग्रस्त हो गया। यही नहीं खुद को बचाने के लिए पुलिस पर भी गोलियां चलाई, लेकिन जवाबी फायरिंग में दोनों लंगड़े हो गए। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शुक्रवार को दिन-दहाड़े पिंकू उर्फ दीपांशु की गोलियां बरसाकर हत्या का प्रयास किया गया था। हमले में चार गोली लगने के कारण पिंकू घायल हो गया था। पिंकू के भाई ने हत्या के प्रयास में राजा चैधरी आदि को नामजद कराया था। हमलावरों की धरपकड़ को पुलिस की कई टीम लगातार काम कर रही थी। रविवार को पुलिस को इनपुट मिला कि हमलावर पीनना बाईपास से जिले से बाहर भागने की फिराक में है। इसी बीच थार गाड़ी में आए हमलावरों ने पुलिस को देखकर दौड़ लगा दी। पुलिस ने पीछा करते हुए ललकारा तो आरोपी थार से भागते रहे। इसी दौरान थार गाडी का डिवाइडर से टकराकर टायर भी फट गया, लेकिन थार सवार रूके नहीं। थार का रिम क्षतिग्रस्त होने के बाद सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। एसपी प्रजापत ने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो राजा चैधरी और असजद पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीसरे साथी विक्की निवासी पीनना को कांबिग में गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से थार गाड़ी के साथ दो तमंचे और हमले में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है। उपचार के बाद आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाया जाएगा कि हमले में कौन-कौन शामिल थे और किस वजह से यह घटना हुई है। हालांकि दोनों पक्षों में पहले से भी रंजिश चली आ रही है।
फायरिंग में फटी पिस्टल की नाल
मुजफ्फरनगर। सलेमपुर में पिंकू उर्फ दीपांशु पर गोलियां चलाते समय पिस्टल की नाल भी फट गई थी। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि हमलावर राजा चैधरी के पास से बरामद हुई पिस्टल की नाल फटी हुई है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि एक साथ कई गोली चलाते पिस्टल की नाल मौके पर फट गई थी, जिस कारण भागते समय मैगजीन भी घटनास्थल पर गिर गई थी।








