मुजफ्फरनगर। साइबर थाना पुलिस ने व्हाटस एप पर मैसेज भेजकर पौने चार लाख की ठगी करने वाले पंजाब के ठग गुरूमीत उर्फ गगन को गिरफ्तार कर लिया। पांच साल से इस गोरखधंधे में सक्रिय गगन ठगी की कई घटनाएं कर चुका है। पुलिस अधीक्षक अपराध इंदू सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत साइबर थाना पुलिस ने एक शातिर ठग को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने मुजफ्फरनगर के एक शख्स को व्हाटसएप पर भेजे गए मैसेज के जरिए अपने जाल में फंसा लिया था। जालसाज ने पीड़ित के खाते से तीन लाख 78 हजार रूपये की ठगी कर ली थी। इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर ठग की गिरफ्तारी को विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने लंबी कवायद के बाद पंजाब के गुरूमीत उर्फ गगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से दो मोबाइल, पांच सिम कार्ड और दो आधार कार्ड बरामद किए है। आरोपी करीब पांच साल से ठगी के गोरखधंधे में शामिल है। उसके खिलाफ पंजाब, हरियाणा और यूपी के कई मुकदमे दर्ज है।






