मुजफ्फरनगर। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज, मुजफ्फरनगर के पॉलिटेक्निक पाठ्यक्रम में अध्ययनरत मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्रों ने औद्योगिक प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के उद्देश्य से पुरी इंडस्ट्रीज, जानसठ का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने फर्स्ट हैंड अनुभव प्राप्त किया और विभिन्न प्रकार की वॉल्व एवं उनके निर्माण प्रक्रिया की गहन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आधुनिक सीएनसी मशीनों का प्रयोग करना सीखा और कास्टिंग तथा मशीनिंग की प्रक्रियाओं को समझा। इसके पश्चात इंजीनियर विकास पाल और इंजीनियर अक्षत गोयल ने वाल्व उत्पादन प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी छात्रों को साझा की।कंपनी के महाप्रबंधक पराग शर्मा ने भविष्य में उपयोग होने वाली वाल्व की नई तकनीकों के बारे में बताया और छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक कुशपुरी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनके सहयोग से छात्रों को औद्योगिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। भ्रमण में छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान करने वाले इंजीनियर विशाल कुमार और अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में इस प्रकार के और औद्योगिक भ्रमण कराए जाएंगे। संस्थान के निदेशक डॉ. एस.एन. चौहान ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे भविष्य में औद्योगिक भ्रमणों से जीवनोपयोगी कौशल सीखते रहें। श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमेन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने छात्रों को शुभकामनाएं दी और कहा कि उन्हें नए स्टार्टअप और इनोवेशन में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य इं. आशीष कुमार ने भी छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएं दी और शिक्षकों के सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम में इं. विशाल कुमार, शुभम कुमार, इं. दीपक कुमार, नेहा गोयल, पिंकी रानी, निधि पवार सहित अन्य सभी शिक्षक उपस्थित रहे।






