मुजफ्फरनगर। छपार पुलिस ने मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो बदमाशों को आमने-सामने की फायरिंग में गोली लग गई। पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का अनावरण करते हुए उनसे माल बरामद किया है। इनमें से दो बाइक सहारनपुर और गाजियाबाद से चुराई गई थी।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि 30 जून से 18 जुलाई 2025 के बीच थाना छपार क्षेत्र में कई चोरी की घटनाएं हुई थी। इनमें पीएनबी ग्राहक सेवा केंद्र, रामपुर तिराहे पर स्थित विश्वकर्मा सैनेट्री की दुकान से इन्वर्टर बैट्रा, छपार से 40 हजार रुपये की सिगरेट चोरी व ग्राम बसेड़ा में चार घरों की चोरी शामिल थी। एसपी ने बताया कि इन घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार पुलिस काम कर रही थी। मंगलवार देर रात छपार पुलिस टीम पानीपत-खटीमा मार्ग पर चैकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वो फायरिंग करते हुए भाग लिए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में हसीन निवासी भगवानपुर और नवाब निवासी हरिद्वार घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों शाहनवाज उर्फ काला और इरशाद निवासी पुरकाजी को कांबिग में पकड़ लिया गया।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की तीन घटनाओं को स्वीकार करते हुए 9300 रूपये की नगदी, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें, चोरी इन्वर्टर, सैनेट्री का सामान और सिगरेट आदि के पैकेट बरामद करा दिए है। उन्हांेने बरामद मोटरसाइकिलें सहारनपुर व गाजियाबाद से चोरी करने की बात स्वीकारी है। पकडे़ गए चोरों के खिलाफ कई-कई मुकदमें दर्ज है।







