मुजफ्फरनगर। परिवार नियोजन और स्वस्थ परिवार निर्माण के प्रति जनमानस में जागरूकता लाने के उद्देश्य से मिशन परिवार विकास अभियान के तहत सारथी वाहन का संचालन शुरू किया गया। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया कि सारथी वाहन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को परिवार नियोजन कार्यक्रम, इसके लाभ और पुरुष एवं महिला नसबंदी के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे। वाहन समुदाय को परिवार नियोजन साधनों के सही उपयोग और दो बच्चों के जन्म में तीन साल का अंतर रखने का संदेश देंगे।जिला परिवार कल्याण एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधक डॉ. दिव्यांक दत्त ने कहा कि सारथी वाहन के माध्यम से परिवार नियोजन के अस्थाई और स्थाई साधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री विपिन कुमार ने बताया कि त्रैमासिक अंतराल पर इन वाहनों के माध्यम से आम जनता को परिवार नियोजन की आवश्यकता, इसके लाभ और वित्तीय सहायता के बारे में जानकारी दी जाएगी।इस अभियान में लोगों को ऑडियो क्लिप और पम्पलेट के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार की थीम है “स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार पुरुष सहभागिता से ही होगा ये सपना साकार”।कार्यक्रम में अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर प्रवीण पाल, एआरओ आनंद कुमार, चीफ फार्मासिस्ट रोहित, कैलाश, मनोज, मोनू, वीरसिंह, अर्बन आशाएँ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






