मुजफ्फरनगर। अंसारी रोड स्थित मंदिर दरगाह बाबा श्री पीर रतन नाथ (गुरु गोरखनाथ जी) से जुड़े सेवादार मंडल एवं मंदिर कमेटी ने दिल्ली के झंडेवालान क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर की भूमि को वापस दिलाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है। इस संबंध में कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपे गए।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 29 नवंबर 2025 को दिल्ली के झंडेवालान क्षेत्र में स्थित मंदिर दरगाह बाबा श्री पीर रतन नाथ जी परिसर में एमसीडी और डीडीए द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई अत्यंत निंदनीय है। उनका आरोप है कि यह भूमि आदि गुरु श्री गोरखनाथ जी के शिष्य श्री सिद्ध रतन नाथ जी से जुड़ी पवित्र स्थली है, जिस पर जबरन कब्जा किया गया है। सेवादार मंडल का कहना था कि यह केवल एक स्थान विशेष का नहीं, बल्कि आस्था और विरासत से जुड़ा विषय है। देश-विदेश में फैले श्रद्धालु इस पवित्र भूमि की रक्षा, संरक्षण और मंदिर को उसका अधिकार वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।कमेटी के सदस्यों ने विश्वास जताया कि केंद्र और प्रदेश में हिंदू सरकार होने के कारण इस विषय में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस मठ के भक्त हैं और पूरे प्रकरण की जानकारी उनके संज्ञान में है।सेवादार मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि झंडेवालान स्थित मंदिर की भूमि को तत्काल मंदिर प्रबंधन को सौंपा जाए और भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई न की जाए।






