खतौली। क्षेत्र की पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक युवक को 5 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से गांजे के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवीदास निवासी विक्की पुत्र बिजेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विक्की पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। कस्बा चैकी प्रभारी विक्रांत कुमार कर्दम ने टीम के साथ गणेश बिहार मार्ग पर चैकिंग के दौरान आरोपी को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में चैकी प्रभारी विक्रांत कुमार कर्दम, उप निरीक्षक अनुपम सारस्वत, लोमेश कुमार और प्रवीण नागर शामिल थे। गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता करार दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इस अवैध कारोबार में कब से शामिल था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।






