मुजफ्फरनगर। बागपत जनपद के दोघट के चित्तम खेडी की रहने वाली रेशमा ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए। रेशमा का कहना है कि उन्होंने लगभग तीन साल पहले सकिल पुत्र शरीफ निवासी हबीबपुर थाना फुगाना, मुजफ्फरनगर से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि सकिल पहले से ही विवाहित है। रेशमा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद सकिल ने उनके साथ मारपीट की, घर का खर्च देना बंद कर दिया और जान से मारने की धमकियाँ दी। पीड़िता ने बताया कि जब वे थाना दोघट गईं, तो पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं ली और उन्हें घटना स्थल के थाने फुगाना जाने के लिए कहा। वहां 8 नवंबर 2025 को उन्होंने प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उनका आरोप है कि थाना फुगाना पुलिस ने उनके बयान को बदलकर अपने लिखे हुए प्रार्थना पत्र पर उनके अंगूठे के निशान ले लिए। रेशमा ने स्पष्ट किया कि वे पढ़ी-लिखी नहीं हैं और इस तरह उनका मौलिक अधिकार हनन हुआ। पीड़िता रेशमा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग करी कि थाना फुगाना पुलिस और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।






