मुज़फ्फरनगर। जनपद की विधान सभा चरथावल के विधायक पंकज मलिक ने अपने विधान सभा क्षेत्र के गांव नूनाखेड़ा का दौरा किया। इस दौरान वे गांव में स्थित मोनू के कोल्हू पर पहुंचे, जहां उन्होंने कोल्हू संचालक मोनू सहित वहां कार्यरत सभी श्रमिकों से मुलाकात की और उनके कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
विधायक पंकज मलिक ने कोल्हू में पारंपरिक तरीके से तैयार किए जा रहे गुड़ की गुणवत्ता को परखा और ताज़ा बने गुड़ का स्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि गुड़ निर्माण का यह पारंपरिक व्यवसाय न केवल ग्रामीण संस्कृति का हिस्सा है, बल्कि इससे अनेक परिवारों की आजीविका भी जुड़ी हुई है। ऐसे कुटीर उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विधायक ने कोल्हू में कार्यरत श्रमिकों के परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और ईमानदारी से किया गया कार्य ही क्षेत्र की पहचान बनाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देने और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगे।कोल्हू संचालक मोनू और वहां मौजूद श्रमिकों ने विधायक के आगमन पर खुशी व्यक्त की और उनका आभार जताया। विधायक की इस अनौपचारिक भेंट से गांव में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण बना रहा।






