मुजफ्फरनगर। हाइवे पर स्थित बहुचर्चित न्यू मैक्स टाउन सिटी में कथित घोटाले की जांच और जिले की मिलों में कूड़ा- करकट, पन्नी जलाने के विरोध में कांशीराम काॅलोनी के अजय पंड़ित ने रेलवे स्टेशन के बिजली टावर पर चढ़कर अफरा-तफरी मचा दी। आरोप लगाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि सब पूंजीपतियों के हाथ की कठपुतली बन गए है। यही नहीं प्रदूषण में बरती जा रही लापरवाही के चलते पूरे इलाके में कैंसर तेजी से पैर पसार रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय को उतारने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वो अपनी मांग पर अडिग रहा।
शहर के कांशीराम काॅलोनी निवासी अजय पंड़ित ने टाॅवर पर चढ़ने से पहले वीडियो जारी कर अपनी डिमांड रखी। वीडियो जारी करने के बाद रविवार सुबह अजय पंड़ित रेलवे स्टेशन स्थित टाॅवर पर चढ़ गया। यह खबर मिलते ही नई मंडी पुलिस और फायरकर्मी मौके पर आ गए और टावर पर चढ़े अजय पंड़ित को समझाने का प्रयास किया। आंदोलनकारी अजय पंड़ित ने कहा कि न्यू मैक्स टाउनशिप सिटी घोटाले के आरोपों से घिरी है। 71 पेज का शिकायती पत्र देने के बाद भी प्रशासन अंधा बना हुआ है। मुजफ्फरनगर में जितने भी पेपर मिलो एवं मिलो में कूड़ा-कचरा जलाया जा रहा है। सब बंद होने चाहिए। अजय का कहना था कि चांदपुर, मखियाली, भंडूरा, भिक्की, भंडूर, निराना, जडौदा, बोपाड़ा, बेगरजपुर, सिखरेड़ा जैसे गांव में कैंसर पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी, तब तक वह टाॅवर पर चढ़ा रहेगा।








