मुजफ्फरनगर। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को रुड़की रोड स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाने पहुंचे वाहन चालकों के चालान किए गए और उन्हें भविष्य में हेलमेट का प्रयोग करने की चेतावनी भी दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपों पर कार्यरत सभी कर्मचारी बिना हेलमेट आने वाले किसी भी वाहन चालक को तेल नहीं देंगे। कर्मचारियों को इस संबंध में पाबंद कर दिया गया है। इस मौके पर पुलिस व प्रशासनिक टीम ने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क हादसों में जान बचाने के लिए जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि इस नियम का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा बताया गया कि “नो हेलमेट–नो फ्यूल” अभियान पूरे सितंबर माह प्रदेश भर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के विभिन्न इलाकों में लगातार चेकिंग की जाएगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।






