मुजफ्फरनगर। नॉर्थ इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2025 में मुजफ्फरनगर के कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 3 अगस्त 2025 को एस्ट्रोन कॉलेज मेरठ में ट्रेडिशनल शोटोकाई कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें 250 से 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न जिलों से भाग लिया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन, मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने दमदार भागीदारी निभाई। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु व भार वर्गों में जिले के खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए, उनमें 6-7 वर्ष भार वर्ग में काव्य वत्स ने स्वर्ण पदक हासिल किया।इसी वर्ग में अंगद चौधरी ने भी स्वर्ण पदक जीता। 10-11 वर्ष भार वर्ग में रुद्र प्रताप त्यागी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 12-13 वर्ष भार वर्ग में रुद्रांश मालिक और सिद्धांत सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 14-15 वर्ष भार वर्ग में अक्षरा चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कराटे महासंघ के जनरल सेक्रेटरी शिहान अमित गुप्ता एवं मुजफ्फरनगर जनरल सेक्रेटरी राजेश कौशिक ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में मिली इस उपलब्धि ने जिले में खेल प्रतिभाओं की मजबूती और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को उजागर किया है। खिलाड़ियों की इस सफलता पर परिजनों व प्रशिक्षकों ने हर्ष जताया।







