मुजफ्फरनगर। श्रद्धा समाप्ति के साथ ही अमावस्या के अवसर पर सोमवार को शहर के बाजारों में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कल से नवरात्रि का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसे लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया।
बाजारों में पूजन सामग्री, कलश, मिट्टी की प्रतिमाएं, चुनरी, नारियल, लौंग, इलायची, कपूर, अगरबत्ती, दीपक सहित माता रानी का श्रृंगार और सजावटी सामान खूब खरीदा गया। दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही और देर शाम तक रौनक बनी रही। माता के स्वागत के लिए महिलाओं ने घरों में साफ-सफाई व सजावट के साथ बाजार से विशेष श्रृंगार सामग्री भी जुटाई। नवरात्रि की तैयारियों में हर वर्ग उत्साह से शामिल हुआ। व्यापारियों के अनुसार इस बार पिछले वर्षों की तुलना में खरीदी बेहतर रही है और बाजारों में श्रद्धालुओं की उमंग से उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है।






