अमेरिका, रूस, जापान की नामी कम्पनियों का किदवई नगर में तैयार हो रहा था हेल्थ सप्लीमेंट
खालापार पुलिस ने डेढ़ करोड़ के लोकल प्रोटीन, कैप्सूल समेत दो भाई गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने हर्बल पावर फार्मेसी के आड़ में चल रहे गोरखधंधे का किया खुलासा
मुजफ्फरनगर। खालापार पुलिस ने हर्बल पावर फार्मेसी के आड़ में अमेरिका, जर्मनी की नामी कम्पनियों के नाम पर नकली प्रोटीन और कैप्सूल तैयार बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो भाईयों को गिरफ्तार किया है। इनके पास विदेशी कंपनी के नाम पर बनाया गया डेढ़ करोड़ का माल, रेपर आदि सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि खालापार कोतवाली निरीक्षक महावीर चैहान को खबर मिली थी कि किदवई नगर में हर्बल पावर फार्मेसी के लाइसेंस की आड़ में विभिन्न अमेरिका, जापान और रूस की विदेशी कम्पनियों के नाम पर नकली सप्लीमेंट, ओमेगा थ्री के कैप्सूल आदि तैयार किए जा रहे है। पुलिस टीम ने किदवई नगर में छापा मारकर आसिफ सैफी और उसके भाई जावेद को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास रसिया और यूएसए की कंपनी का माॅल नहीं आता था। आरोपी नामी कंपनी के लेबल और रेपर बनवाकर उनमें लोकल माल भरकर बेचते थे। इनमें रसिया की अंजेग फार्मा, अमेरिका की एडवांस माइड्रोल और जापान की रेपिड कट्स की कंपनियों के नकली रेपर, डिब्बे आदि शामिल है। आरोपियों के पास से बरामद हुए नकली सप्लीमेंट, रेपर, उपकरण आदि की कीमत डेढ़ करोड़ के करीब बताई गई है।
एसपी प्रजापत ने बताया कि आरोपी दोनों भाई कई बरस से इस गोरखधंधे में लिप्त है। आरोपी अब तक काफी माॅल ऑनलाइन बेच चुके है। आरोपी कच्चा माल दिल्ली से मंगवाकर विदेशी कम्पनियों का प्रोडक्ट बना देते हैं। आरोपी पहले भी जेल जा चुके है। आरोपियों ने प्रोडक्ट पर बेंच नबर डालने और एमआरपी डालने की मशीन बना रखी है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।







