मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद प्रदेश भर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। इसी क्रम में शिव सेना की पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया है।
ज्ञापन में जिले सहित प्रदेश के सभी सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत छात्रों, डॉक्टरों और कर्मचारियों का सुरक्षा सत्यापन कराए जाने की मांग उठाई गई है। संगठन का कहना है कि ऐसी गंभीर वारदातों के बाद सतर्कता बढ़ाना राष्ट्रीय हित में आवश्यक है। शिव सेना मुजफ्फरनगर इकाई द्वारा दर्ज कराए गए इस अनुरोध में कहा गया कि यदि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह पाया जाए, तो प्रशासन को तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी विशेष वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह कदम आवश्यक है। ज्ञापन देने के दौरान शिव सेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा, जिला महासचिव विनीत कुमार, जिला प्रमुख विद्यार्थी सेना विशाल नायक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।






