मुजफ्फरनगर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तबलीगी जमात और मदरसों से जुड़े लोगों को प्रशासन द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने पर आपत्ति जताई। जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल के दिनों में जमात से जुड़े कार्यकर्ताओं, मदरसा संचालकों व छात्रों से बिना किसी ठोस कारण के पूछताछ और दबाव बनाया जा रहा है, जिससे समुदाय में भय का वातावरण पैदा हो रहा है। ज्ञापन में एआईएमआईएम पदाधिकारियों ने कहा कि तबलीगी जमात एवं मदरसों का उद्देश्य धार्मिक शिक्षा, नैतिक मूल्यों का प्रसार और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। ऐसे में बिना वजह की कार्रवाई धार्मिक स्वतंत्रता का हनन मानी जाएगी और समाज में गलत संदेश भी जाएगा। पार्टी ने जिलाधिकारी से तीन प्रमुख मांगें उठाई।पहली, किसी भी प्रकार की अनावश्यक पूछताछ और उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए। दूसरी, यदि कोई प्रशासनिक जांच आवश्यक हो तो उसे विधिसम्मत, सम्मानजनक और निष्पक्ष रूप से किया जाए। तीसरी, जनता में भय का वातावरण न फैले, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए मामले पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।






