मोरना। तीर्थनगरी शुकतीर्थ में आयोजित प्रसिद्व कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में आस्था व श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। सोमवार को भी श्रद्धालुओं का शुकतीर्थ में पहुंचना जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु भैंसा बोगी, ट्रैक्टर ट्राॅलियों आदि से मेले में पहुंच रहे हैं और ठहरने के लिए तंबुओं के अस्थायी डेरे बना लिए हैं। श्रद्धालु विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांग रहे हैं। वहीं मेले के बाजारों में अभी भी रौनक नहीं है। मुख्य स्नान बुधवार को होगा, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
सोमवार को मेला ग्राउंड में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। रविवार की शाम हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे प्रसिद्व गायक कैलाश खेर ने अपनी गायकी से खूब समां बांधा। कार्तिक गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं का आना जारी है। दूरदराज के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैंसा-बुग्गी व ट्रैक्टर-ट्राॅली से नगरी में पहुंच रहे हैं और गंगाजी के किनारे रेत में ठहरने के लिए तंबुओं के अस्थायी डेरे बना लिए हैं। श्रद्धालु गंगा घाट पर स्नान करने के बाद शुकदेव आश्रम, हनुमतधाम, गणेश धाम, शिव धाम, दुर्गा धाम, मां पीतांबरा धाम विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर भक्ति भाव से प्रसाद चढ़ा रहे हैं। प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांध मनौती मांगने वाले श्रद्धालुओं का भी तांता लगा हुआ है। गंगा घाट पर शाम को आरती के समय हर हर गंगे के जयघोष से नगरी का वातावरण गंगामय हो जाता हैं। प्राचीन दंड़ी आश्रम, श्री महेश्वर आश्रम, मानव निर्माण योग आश्रम, महाशक्ति सिद्धपीठ, रविदास आश्रम, सत साहेब आश्रम, खिचड़ी वाले बाबा का आश्रम आदि में सत्संग प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।








