मुजफ्फरनगर। सिखेडा पुलिस ने मादक पदार्थो की होम डिलीवरी करने वाले एक सौदागर को 17 किलो डोडे के साथ दबोचा है। आरोपी राजस्थान से डोडा लाकर यहां गली-गली सप्लाई करता था। नियमित कस्टमर होने के कारण आरोपी कई बरस से इस गोरखधंधे में संलिप्त था।
पुलिस उपाधीक्षक नई मंडी राजू साव ने बताया कि आॅपरेशन सवेरा अभियान के तहत सिखेडा पुलिस ने मादक पदार्थो के एक तस्कर को दबोचा है। पुलिस काफी समय से सिखेडा के तस्कर पवन कुमार की टोह में लगी थी। आरोपी अब सिखेड़ा छोड़कर नई मंडी के कमलनगर इलाके में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी पवन को चैकिंग के दौरान पकड लिया। तलाशी में उसके पास से 17 किलो डोडा बरामद हुआ है। आरोपी राजस्थान से डोडा लाकर जिले भर में होम डिलीवरी करता था। ट्रक डाईवर के अलावा सैंकडों की संख्या में आरोपी ने अपने ग्राहक बना रखे है। पवन राजस्थान से 27 रूपये किलो डोडा लाकर फुटकर में उनके तीन गुणा दाम वसूलता था। आरोपी अकेला ही इस धंधे में लिप्त था। पोल खुलने के डर से वह अपने साथ किसी को नहीं जोड़ता था। आरोपी पवन के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थो और शराब तस्करी के मुकदमे दर्ज है।






