मुजफ्फरनगर। साइबर थाना पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 65 लाख रूपये ठगने वाले साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक साल से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। आरोपी के खाते में 15 लाख रूपये की धनराशि पाई गई है। उसके खिलाफ ठगी की 17 के करीब शिकायतें दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दू सिद्धार्थ ने बताया कि मुजफ्फरनगर के एक व्यापारी से टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ट्रेडिंग कराने के नाम पर 65 लाख रुपये ठग लिए गए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। साइबर थाना पुलिस एक साल से लगातार इस अपराधी की टोह में लगी हुई थी। इंस्पेक्टर सुल्तान सिंह, निरीक्षक प्रदीप कुमार और उप निरीक्षक गौरव चैहान की अगुवाई में टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने कई दिन के प्रयासों के बाद आरोपी नसीबूदीन पुत्र किताब सिंह निवासी हांसी हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरे घटनाक्रम बताया है। आरोपी के बैंक खाते में 15 लाख रूपये बताए गए है। आरोपी का चालान करने के साथ अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।






