ग्रामीणों को 6 घंटे तक झेलना पड़ा बिजली संकट
खतौली। देर रात 132/33/11 केवी उप केंद्र खतौली टाउन से संचालित फीडर टाउन-1 के मोहल्ला पक्का बाग क्षेत्र में स्थापित 250 केवीए ट्रांसफार्मर से अज्ञात व्यक्ति ने 12 अगस्त को जानबूझकर तेल निकाल दिया। बताया गया कि आरोपी ने ट्रांसफार्मर का ड्रेन वाल खोल दिया, जिससे ट्रांसफार्मर का सारा ऑयल बह गया और ट्रांसफार्मर काम करना बंद कर गया। इस घटना के कारण संबंधित फीडर को बंद करना पड़ा और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति लगभग 5 से 6 घंटे तक बाधित रही। बिजली न होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इसी तरह की घटना इससे पहले बुढ़ाना रोड, काजी कॉलोनी में स्थापित 250 केवीए ट्रांसफार्मर पर भी हो चुकी है, जहां लंबे समय तक बिजली बाधित रही थी।विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कृत्य पूरी तरह से द्वेषपूर्ण और आपूर्ति बाधित करने की नीयत से किया गया है। विभाग ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली खतौली में तहरीर दी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।






