मुजफ्फरनगर। जिले भर में रामलीलाओं के मंचन के बाद गुरूवार को 48 स्थानों पर लंकापति रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। अधिकांश स्थानों पर बुधवार को ही पुतले खड़े कर दिए गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मेला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। मेला स्थलों पर रात से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयदशमी गुरूवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इसी दिन शहर से लेकर देहात चल रही रामलीलाओं का मंचन समाप्त हो जाएगा। विजयदशमी के अगले दिन सिर्फ राजतिलक की लीला का मंचन होगा। जिले भर में 48 स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले का दहन होगा। बुधवार को अधिकांश मेला स्थलों पर इन पुतलों को खड़ा कर दिया गया है। एसएसपी संजय वर्मा ने एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एसपी देहात आदित्य बंसल के साथ दशहरा मेलों की तैयारियों की समीक्षा की। एसएसपी ने बताया कि दशहरा मेलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस को पूरे दिन सतर्कता बरतने को कहा गया है।






