मुजफ्फरनगर। आगामी पर्व व त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला पंचायत सभागार में पीस कमैटी कर शांति व्यवस्था को लेकर मंथन किया। अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए एक दूसरे की भावना का सम्मान करना जरूरी है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में गणमान्य लोगों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर आगामी त्यौहारों पर मंथन किया। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर के अलावा तमाम क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। अपील की गई कि सभी लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और जनपद में शांति व्यवस्था बनाये रखने में अपना सहयोग करें। सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी पोस्ट शेयर न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। निर्देशित किया गया कि संत रविदास जयंती व शब-ए-बारात पर शोभा यात्रा और जुलुस के दौरान शासन द्वारा जारी गाईडलाइन्स का पालन किया जाए।







