मुजफ्फरनगर। जानसठ पुलिस ने तालड़ा में निर्माणाधीन पंचायत घर से बैट्री चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोर सादिक को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की तीन बैटरी, बाइक और अवैध शस्त्र बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि जानसठ कोतवाली के तालड़ा गांव में निर्माणाधीन पंचायत घर से 16 नंवंबर की रात को ई-रिक्शा की आठ बैटरियां और अल्टीनेटर चोरी करने की घटना हुई थी। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। सोमवार रात को जानसठ पुलिस खतौली मार्ग पर चैकिंग कर रही थी । चैकिंग के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि तालड़ा में चोरी की घटना में शामिल दो आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल से बसायच की तरफ से आ रहे है। पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार वापस भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सादिक पुत्र कल्लू निवासी मीरापुर घायल हो गया और दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ फरार बदमाश को तलाश किया जा रहा है।






