मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रांगण में ‘ए सोशल यूनिटेक टच संस्था’ द्वारा प्रधानाचार्य आदित्य प्रकाश सक्सेना के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को वृक्षों और पर्यावरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अनमोल धरोहर हैं, जो ऑक्सीजन और जल प्रदान करने के साथ-साथ वर्षा लाने, बाढ़ रोकने, भूमि कटाव रोकने और तापमान में कमी करने में सहायक होते हैं। छात्रों को प्रेरित किया गया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें। संस्कृत प्रवक्ता अरविंद कुमार ने छात्र-छात्राओं और अध्यापकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं, डॉक्टर राजबल सैनी (प्रवक्ता, कला) ने भी विशेष योगदान देते हुए बच्चों को प्रदूषण कम करने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य अनिल मित्तल, अंग्रेजी प्रवक्ता राहुल कुमार, मनोज, मनीष गर्ग और संजय सिंह सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के प्रति जागरूकता फैलाना और छात्रों को प्रकृति संरक्षण की दिशा में सक्रिय बनाना रहा।






